Site icon Trips N Trippers

चेन्नई में छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड का भव्य रोड शो, 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट-टूर ऑपरेटरों ने दिखाई गहरी रुचि

छत्तीसगढ़ के पर्यटन को दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन बाजार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने आज चेन्नई के हिल्टन, गिंडी में भव्य पर्यटन रोड शो का आयोजन किया। फिक्की के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में चेन्नई के 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट एवं टूर ऑपरेटरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रोड शो के दौरान हुई B2B बैठकों में छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों के बीच सार्थक संवाद हुआ, जिसे व्यापारियों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) श्री नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन (IAS) तथा प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे (IAS) मुख्य रूप से उपस्थित रहे। श्री चौबे ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों एवं निवेश संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रहा पहली बार छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को तमिल भाषा में प्रस्तुत किया जाना, जिसने स्थानीय दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया।

अपने संबोधन में सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने छत्तीसगढ़ में पर्यटन की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा को देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक सुश्री एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयर एवं फिक्की छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्री श्रीहरन बालन, तथा तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन (IAS) सहित पर्यटन क्षेत्र के अनेक प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रोड शो की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी श्री के.सी. देवासेनापति एवं श्री एलेक्स पॉल मेनन, जो वर्तमान में चेन्नई में पदस्थ हैं, भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने छत्तीसगढ़ से अपने आत्मीय जुड़ाव तथा राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर संक्षिप्त किंतु सारगर्भित विचार साझा किए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु के बीच पर्यटन क्षेत्र की व्यावसायिक साझेदारी के साथ-साथ आत्मीय जुड़ाव और सांस्कृतिक निकटता भी स्पष्ट रूप से झलकी। एक ही मंच पर छत्तीसगढ़ से जुड़े वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, पर्यटन विभाग, टूर ऑपरेटरों और चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों की सहभागिता ने इस रोड शो को विशेष रूप से यादगार और सफल बना दिया

Exit mobile version