Site icon Trips N Trippers

FAITH Conclave में छत्तीसगढ़ ने दिखाई पर्यटन की नई तस्वीर, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को मिली सराहना

नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कर राष्ट्रीय पर्यटन जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। देशभर के पर्यटन विशेषज्ञों, हॉस्पिटेलिटी उद्योग के प्रतिनिधियों, ट्रैवल एजेंट्स और मीडिया के बीच राज्य की पर्यटन संभावनाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ को निवेश, साझेदारी और अनुभव आधारित पर्यटन के लिए उभरते गंतव्य के रूप में पेश किया गया।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पर्यटन क्षमता का प्रदर्शन

फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी (FAITH) की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल एजेंसियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन में आयोजित विशेष पैनल चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राज्य की पर्यटन क्षमता का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ अपनी प्राकृतिक सुंदरता, प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, धार्मिक स्थलों, पुरातात्विक धरोहरों, जलप्रपातों, घने वनों और वन्यजीव संपदा के कारण देश के सबसे विशिष्ट पर्यटन राज्यों में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।

FAITH Conclave में छत्तीसगढ़ ने दिखाई पर्यटन की नई तस्वीर, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को मिली सराहना

निवेश और पर्यटन अधोसंरचना पर विशेष फोकस

पैनल चर्चा में राज्य में विकसित हो रही पर्यटन अधोसंरचना, नई पर्यटन नीतियों, निजी निवेश की संभावनाओं, सामुदायिक भागीदारी और सतत पर्यटन विकास पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।

प्रतिनिधियों को बताया गया कि राज्य में ईको-टूरिज्म, होम-स्टे, धार्मिक पर्यटन, हेरिटेज पर्यटन और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। साथ ही देश और विदेश के टूर ऑपरेटरों को छत्तीसगढ़ आकर यहां की पर्यटन संभावनाओं को करीब से देखने का आमंत्रण भी दिया गया।

‘अनुभव आधारित पर्यटन’ का उभरता केंद्र बन रहा छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने कहा कि राज्य केवल प्राकृतिक सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुभव आधारित पर्यटन का एक मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को रोजगार, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए लगातार नई पहल कर रही है। उन्होंने पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ को अपने टूर सर्किट में शामिल करने का आग्रह भी किया।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी पर जोर

छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण पर्यटन सेवाओं, बेहतर अधोसंरचना, निवेश अनुकूल वातावरण और निजी क्षेत्र की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन बोर्ड का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए विभिन्न राज्यों, ट्रैवल एजेंसियों और उद्योग जगत के साथ साझेदारी को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

विशेषज्ञों ने सराही छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाएं

सम्मेलन में मौजूद पर्यटन विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की विविध पर्यटन संभावनाओं की सराहना की। उनका मानना था कि प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, साहसिक और जनजातीय पर्यटन के क्षेत्र में राज्य के पास बड़ी संभावनाएं हैं। प्रभावी प्रचार और मजबूत साझेदारी के जरिए इन्हें राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिल सकती है।

पर्यटन को मिलेगा नया अवसर

पर्यटन विभाग का मानना है कि FAITH Conclave 2026 में भागीदारी से छत्तीसगढ़ को नए निवेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ने तथा पर्यटन उद्योग में नई साझेदारियां विकसित करने का अवसर मिलेगा। इससे राज्य की पहचान एक उभरते पर्यटन गंतव्य के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।

Exit mobile version