Site icon Trips N Trippers

विश्व पोहा दिवस पर मध्य भारत में बंटा हजारों किलो पोहा

indori poha

मध्य भारत के सबसे लोकप्रिय नाश्ते पोहा का जश्न इस बार बेहद अनोखे और रिकॉर्ड-तोड़ अंदाज में मनाया गया। विश्व पोहा दिवस के अवसर पर नागपुर और इंदौर की सड़कों पर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहाँ हजारों लोगों ने इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद लिया।

10 हजार लोगों को परोसा गया तरी-पोहा

नागपुर में इस खास दिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने का दावा किया गया है। यहां करीब 3,000 किलोग्राम तरी (उसल) पोहा तैयार किया गया, जिसे 10,000 से अधिक नागरिकों में मुफ्त बांटा गया।

10 हजार से अधिक लोगों को बांटने के लिए पोहा और तरी को तैयार करने रसोईयों की बड़ी टीम लगी थी। जिन्होंने 600 किलोग्राम सूखा पोहा, 500 किलोग्राम प्याज और
400 किलोग्राम चने से यह व्यंजन तैयार किया।

बता दें कि चटपटी और तीखी तरी के साथ परोसा जाने वाला नागपुर का यह पोहा पूरे मध्य भारत में मशहूर है, और इस आयोजन ने इसकी लोकप्रियता में एक और नया अध्याय जोड़ दिया है।

पोहों के गढ़ माने जाने वाले इंदौर में भी विश्व पोहा दिवस की भारी धूम रही। शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल राजवाड़ा पर विशेष सांस्कृतिक और स्वादिष्ट कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां कई जगहों पर लोगों को मुफ्त पोहा खिलाया गया।

वहीं, विश्राम बाग में एक बेहद अनूठा कार्यक्रम इंदौरी पोहा, इंदौरी बात – महापौर के साथ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने गरमा-गरम इंदौरी पोहे और जलेबी का लुत्फ उठाते हुए शहर के विकास और संस्कृति पर चर्चा की।

यह आयोजन सिर्फ एक व्यंजन का उत्सव नहीं, बल्कि मध्य भारत की समृद्ध खान-पान संस्कृति और लोगों के आपसी जुड़ाव का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरा।

Exit mobile version