Site icon Trips N Trippers

बस्तर राइडर्स मीट 2026 4 अप्रैल को होगा ऐतिहासिक आयोजन

riders

छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में 4 अप्रैल 2026 को एक अनूठा और रोमांच से भरपूर आयोजन “बस्तर राइडर्स मीट 2026” होने जा रहा है। गरुड़ा राइडिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र का पहला और अब तक का सबसे बड़ा राइडर्स मीट माना जा रहा है, जिसमें देशभर के बाइक प्रेमी हिस्सा लेंगे।

इस आयोजन की खास बात यह है कि यह केवल रफ्तार और एडवेंचर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करेगा। बस्तर के हृदय में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों को एक अनोखा सांस्कृतिक और रोमांचक अनुभव मिलेगा।

कार्यक्रम में प्रवेश सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा और आयोजन स्थल से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए क्यूआर कोड की व्यवस्था भी की गई है। “बस्तर राइडर्स मीट 2026” का उद्देश्य राइडिंग समुदाय को एक मंच पर लाना, युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति रुचि बढ़ाना और बस्तर को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

गरुड़ा राइडिंग क्लब ने सभी बाइक राइडर्स और आम नागरिकों से इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। यह आयोजन न केवल रफ्तार का उत्सव होगा, बल्कि बस्तर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का एक सशक्त प्रयास भी साबित होगा।

जर्मनी से भी आएगा विदेशी मेहमान

इस आयोजन की सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें केवल छत्तीसगढ़ या भारत के ही नहीं, बल्कि जर्मनी से भी एक प्रोफेशनल राइडर के आने की संभावना है।

कब है इवेंट: 4 अप्रैल 2026।

कहां: जगदलपुर शहर और पर्यटन स्थल।

कितनी भीड़: करीब 1000 लोग जुटेंगे, जिनमें 500 हैवी बाइक राइडर्स होंगे।

डर्ट बाइक रेस और हैरतअंगेज स्टंट

बस्तर के पथरीले रास्तों और मिट्टी के बीच ‘डर्ट बाइक रेस’ का रोमांच देखने को मिलेगा। बता दें कि यह एक खतरनाक खेल है जिसे केवल सर्टिफाइड प्रोफेशनल ही करते हैं। इसके अलावा हैवी बाइक्स की भव्य प्रदर्शनी लगेगी। साथ ही कुशल राइडर्स लाइव स्टंट परफॉर्म करेंगे। बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों (जैसे चापड़ा चटनी, सल्फी) का स्वाद चखने को मिलेगा।

चित्रकोट तक निकलेगी रैली, SP भी होंगे शामिल

गौरतलब है कि 5 अप्रैल को जगदलपुर से विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात तक एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। खास बात यह है कि इस रैली में बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक और पुलिस के जवान भी खुद बाइक चलाकर सड़क सुरक्षा और हेलमेट का संदेश देंगे।

बस्तर के इस बस्तर दर्शन कार्यक्रम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। आयोजकों का कहना है कि जब देश-विदेश के राइडर्स सुरक्षित होकर बस्तर की गलियों में घूमेंगे, तो यहाँ के पर्यटन को एक नई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

Exit mobile version