Trips N Trippers

Trips N Trippers / Travel News  / Chhattisgarh Tourism: पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 38वीं बोर्ड बैठक में तैयार हुआ बड़ा रोडमैप
21 Jul

Chhattisgarh Tourism: पर्यटन विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 38वीं बोर्ड बैठक में तैयार हुआ बड़ा रोडमैप

छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई गति देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की 38वीं संचालक मंडल बैठक रायपुर स्थित मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाओं, अधोसंरचना, निवेश, प्रचार-प्रसार और भविष्य की रणनीतियों पर व्यापक मंथन किया गया। साथ ही प्रदेश के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने की। इस दौरान पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य, अवर सचिव रुचि शर्मा, उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा, संस्कृति विभाग के संचालक संजय कन्नौजे समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।

हरित पहल के साथ हुई बैठक की शुरुआत

बैठक की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण और हरित पहल के संकल्प के साथ हुई। इस अवसर पर अधिकारियों और बोर्ड सदस्यों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई।

पर्यटन परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में पर्यटन मंडल द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने, पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत बनाने, पर्यटक सुविधाओं का विस्तार करने और प्रमुख पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

इसके अलावा आगामी पर्यटन कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार अभियानों, निजी निवेश की संभावनाओं और पर्यटन को रोजगार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्राकृतिक और जनजातीय पर्यटन पर रहेगा फोकस

संचालक मंडल ने प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और जनजातीय पर्यटन विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर जोर दिया। साथ ही पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।

बैठक में यह विश्वास जताया गया कि इन निर्णयों से छत्तीसगढ़ का पर्यटन क्षेत्र नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और राज्य देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।