दिल्ली अब और करीब, अम्बिकापुर से सप्ताह में दो दिन मिलेगी सीधी रेल सुविधा
सरगुजा संभाग के यात्रियों के लिए रेल सुविधा बढ़ गई है। अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। मंगलवार को अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से द्विसाप्ताहिक सेवा की शुरुआत हुई। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने सुबह 7.30 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने यात्रियों से मुलाकात की, उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
अब मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से दिल्ली
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के अनुसार गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब हर मंगलवार और गुरुवार को अम्बिकापुर से सुबह 7.30 बजे रवाना होगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अम्बिकापुर एक्सप्रेस हर रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। ट्रेन की आवृत्ति बढ़ने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है।
लंबे समय से थी सप्ताह में दो ट्रेन की मांग
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से पूरे सरगुजा संभाग के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में सिर्फ एक दिन ट्रेन चलने से सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। अब दूसरा फेरा शुरू होने से विकल्प बढ़ा है। पहले दिन यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह भी देखने को मिला।
रायगढ़, जशपुर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से भी यात्री इस ट्रेन से सफर करने पहुंचे। सांसद ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार जताया।
यात्रियों की मांग पर बढ़ाई गई ट्रेन की आवृत्ति
डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से दिल्ली के लिए चल रही रेल सेवा को सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने की मांग कर रहे थे। जनप्रतिनिधियों की मांग के आधार पर रेल मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि इसका लाभ सिर्फ अम्बिकापुर के यात्रियों को ही नहीं, बल्कि ट्रेन के मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को भी मिलेगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अतिरिक्त रेल सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की उम्मीद जताई।
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं
अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार का काम भी चल रहा है। डीआरएम राकेश रंजन के मुताबिक स्टेशन पर नया प्लेटफॉर्म बनाया जा रहा है। रेलवे लाइनों का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही बड़े फुट ओवरब्रिज यानी एफओबी का निर्माण भी कराया जा रहा है।
कोचिंग सुविधाओं में सुधार का काम भी जारी है। भविष्य में अम्बिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की जरूरत को देखते हुए जरूरी अधोसंरचना और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।
पढ़ाई, इलाज और कारोबार के लिए सफर होगा आसान
अम्बिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा नगरवासियों के साथ पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी होगी। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर डीसीएम एस. भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भारत सिंह सिसोदिया, अरुणा सिंह, विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।
Experience Bastar With Certified Local Experts
From Chitrakote water cascades to remote Dandami Maria tribal settlements, let Trips N Trippers curate an authentic, responsible, and culturally immersive itinerary for you.