पवई रानी वाटरफॉल में बोटिंग और बम्बू राफ्टिंग की तैयारी, पर्यटन से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड स्थित पवई रानी वाटरफॉल को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी की जा रही है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत (CEO) जयंत नाहटा ने क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान पांहदा पंचायत के इस वाटरफॉल पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को यहां बम्बू राफ्टिंग और बोटिंग जैसी गतिविधियां शुरू कराने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों का आकर्षण बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी तैयार हो सकें।
बम्बू राफ्टिंग और बोटिंग से बढ़ेगा पर्यटन
पवई रानी वाटरफॉल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यहां पर्यटकों की सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया। CEO जयंत नाहटा ने कहा कि बम्बू राफ्टिंग और बोटिंग जैसी गतिविधियां शुरू होने से इस क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है। इसका लाभ स्थानीय युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसरों के रूप में मिल सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन सुविधाओं के विकास के साथ पर्यटकों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरी आधारभूत व्यवस्थाओं का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
पवई रानी क्षेत्र में 7 नाडेप निर्माण की तैयारी
वाटरफॉल क्षेत्र में विकास कार्यों के तहत 7 नग नाडेप निर्माण की स्वीकृति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इससे जैविक अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन और जैविक खाद के उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत पांहदा की समिति के सदस्यों को विकास और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों का अध्ययन कराने के लिए दंतेवाड़ा और बस्तर ले जाने की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके लिए बस से भ्रमण कराया जाएगा, ताकि समिति के सदस्य इन क्षेत्रों में अपनाई जा रही सफल कार्यप्रणालियों को समझ सकें और अपने गांव में भी उन्हें लागू करने की दिशा में काम कर सकें।
राजपुर में मुक्तिधाम पहुंच मार्ग पर बनेगी सीसी रोड
समीक्षा के दौरान मगरलोड विकासखंड की ग्राम पंचायत राजपुर में मुक्तिधाम तक पहुंचने वाले मार्ग पर सीसी रोड निर्माण की जरूरत का मुद्दा भी सामने आया। CEO नाहटा ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विभागों के समन्वय से विकसित होगा पर्यटन स्थल
CEO जयंत नाहटा ने कहा कि पवई रानी वाटरफॉल को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करना होगा। उनका जोर पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर है। प्रशासन की इस पहल से मगरलोड क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से नई पहचान दिलाने और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
Experience Bastar With Certified Local Experts
From Chitrakote water cascades to remote Dandami Maria tribal settlements, let Trips N Trippers curate an authentic, responsible, and culturally immersive itinerary for you.