छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को एक नए पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सिरपुर–बारनवापारा सर्किट का विशेष भ्रमण आयोजित किया गया। इस विजिट का उद्देश्य क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन करना तथा उनकी पर्यटन संभावनाओं का आकलन करना रहा।

इस भ्रमण में ट्रैवल ट्रेड से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें Trips N Trippers, OTT Holidays, Camp Ones और Heritage Wala शामिल रहे। सभी प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को करीब से समझा और इसे एक आकर्षक सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

पर्यटन सर्किट संभावनाओं का किया गया आकलन
यह विजिट DFO बारनवापारा एवं SADA के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धम्मशील गनवीर (IFS) के पहल पर की गई। इस दौरान टीम ने क्राफ्ट विलेज बांसकुड़ा, सिरपुर, बोरीद स्थित धसकुड़ नेस्ट, देवपुर में बारनवापारा वन मंडल द्वारा निर्मित मडहाउस एवं बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य के बफर ज़ोन का दौरा किया।

भ्रमण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत, बांसकुड़ा की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और बारनवापारा की समृद्ध जैव विविधता मिलकर इस सर्किट को एक अनूठा पर्यटन अनुभव प्रदान कर सकते हैं। यह सर्किट धार्मिक, सांस्कृतिक, इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन के लिए बड़ी संभावनाएं रखता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर आधारभूत संरचना, प्रभावी प्रचार-प्रसार और सुनियोजित यात्रा कार्यक्रम के माध्यम से सिरपुर–बारनवापारा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जा सकता है।