छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और उद्यमियों को सम्मानित करने के लिए ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ की घोषणा की है। यह पुरस्कार लगातार दूसरे वर्ष दिए जाएंगे। होटल से लेकर टूर ऑपरेटर, होमस्टे, स्टार्टअप, इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म और सोशल मीडिया तक कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार दिया जाएगा। प्रत्येक विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो मिलेगा। इच्छुक पात्र व्यक्ति और संस्थाएं 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
पर्यटन की पूरी श्रृंखला को मिलेगा सम्मान
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने इस बार पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रखा है। पर्यटन से जुड़े आतिथ्य, संचालन, उद्यमिता, पर्यटक सहायता, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और साहसिक गतिविधियों को भी पुरस्कार के दायरे में शामिल किया गया है।
पुरस्कार की 10 श्रेणियां इस प्रकार हैं:
- सर्वश्रेष्ठ होटल
- सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
- सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
- CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
- CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
- सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
- सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
- सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
- सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड
- होटल और टूर ऑपरेटर के लिए ये होंगे मानक
सर्वश्रेष्ठ होटल श्रेणी में बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले पर्यटन उद्यम का चयन किया जाएगा। इसके लिए MICE सुविधाएं, पिछले वित्तीय वर्ष का वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार और आयोजित कार्यक्रमों की संख्या जैसे मानकों को देखा जाएगा। पर्यटन प्रचार, सतत पर्यटन, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन में योगदान भी मूल्यांकन का हिस्सा होगा।
सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर के चयन में आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के संचालन के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास देखे जाएंगे। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, इटिनरेरी और प्रचार सामग्री के जरिए पर्यटन प्रचार तथा वेबसाइट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को भी महत्व दिया जाएगा।
बेहतर पर्यटन प्रबंधन करने वाले जिले को भी पुरस्कार
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड उस जिले को दिया जाएगा, जिसने पर्यटन विकास, संवर्धन और गंतव्य प्रबंधन के साथ घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बेहतर काम किया हो।
पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, डस्टबिन की उपलब्धता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, हरित उपाय और प्रकृति आधारित गतिविधियों को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा। कृषि एवं ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति, मत्स्य पालन, पर्यटकों के लिए विशिष्ट अनुभव और पर्यटन से रोजगार सृजन भी महत्वपूर्ण मानक होंगे।
स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को मिलेगा मौका
पर्यटन क्षेत्र में नए विचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार रखा गया है। नवाचार और अनुकरणीय गतिविधियों के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने वाले स्टार्टअप और व्यक्तिगत उद्यमियों को इस श्रेणी में सम्मानित किया जाएगा।
नए विचारों, तकनीक, सेवाओं और व्यावसायिक मॉडल के जरिए पर्यटन को अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनाने वाले प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा।
रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्रों का भी होगा मूल्यांकन
CTB Star Performer की दो श्रेणियों में पर्यटन बोर्ड की प्रीमियम और बजट श्रेणी की इकाइयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिसॉर्ट और उल्लेखनीय बुकिंग उपलब्ध कराने वाले पर्यटक सूचना केंद्रों को सम्मान मिलेगा।
सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट के लिए टर्नओवर, लाभप्रदता और अधिभोग प्रतिशत जैसे मानक तय किए गए हैं। वहीं पर्यटक सूचना केंद्रों का मूल्यांकन पूरे वर्ष पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
होमस्टे से स्थानीय अर्थव्यवस्था तक
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के चयन में घरेलू पर्यटन से अर्जित राजस्व, वार्षिक वृद्धि दर, बुकिंग की संख्या और घरेलू पर्यटकों की संख्या को आधार बनाया जाएगा। पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण प्रणाली, दिव्यांग पर्यटकों के लिए सुविधाएं और होमस्टे की विशिष्ट अवधारणा भी देखी जाएगी।
स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़ने, स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
सोशल मीडिया के जरिए पर्यटन की ब्रांडिंग करने वालों को सम्मान
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर आधारित रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के जरिए राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।
फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की पहुंच, पिछले तीन वर्षों का प्रदर्शन और उपलब्ध होने पर कारोबार संबंधी विवरण को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
इको-टूरिज्म में पर्यावरण संरक्षण पर जोर
सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड पर्यावरण-अनुकूल और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं के लिए है। परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना जरूरी है।
नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और स्थानीय वनस्पति एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण जैसे मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी। आदिवासी और ग्रामीण आबादी की भागीदारी तथा इको-टूरिज्म से आजीविका के अवसर पैदा करने वाले प्रयास भी मूल्यांकन में शामिल होंगे।
एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को भी मिलेगा सम्मान
छत्तीसगढ़ में कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा। गंतव्य प्रबंधन, घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या, साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल और गतिविधियों से प्राप्त राजस्व प्रमुख मानक होंगे।
पर्यटकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण अनुभव देने, नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने तथा प्राकृतिक गंतव्यों को एडवेंचर टूरिज्म के लिए विकसित और प्रचारित करने वाले प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा।
15 सितंबर तक ई-मेल से भेजें आवेदन
सभी श्रेणियों के लिए आवेदन 15 सितंबर 2026 तक किया जा सकता है। इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के जरिए भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट www.tourism.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है।अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंधक से 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति की ओर से तय पात्रता और मूल्यांकन मानकों के आधार पर किया जाएगा। हर श्रेणी में प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण संबंधित श्रेणी के निर्धारित मानकों के अनुसार होगा।
पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की पहल
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के जरिए पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सेवाओं, नवाचार, सतत पर्यटन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया है। आर्थिक प्रदर्शन के साथ स्वच्छता, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया गया है।