Travel News schedule 1 min read

नक्सलवाद के अंधेरे से विकास की रोशनी तक... गुजरात में बस्तर की इस प्रस्तुति ने खींचा सबका ध्यान 

T
Trips N Trippers Editorial
Published on • Raipur, India
नक्सलवाद के अंधेरे से विकास की रोशनी तक... गुजरात में बस्तर की इस प्रस्तुति ने खींचा सबका ध्यान 

गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित भारत पर्व 2026 में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की संस्कृति और बदलते हालात की झलक देखने को मिली। 1 से 15 नवंबर तक चले इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में कोंडागांव जिले के 75 कलाकारों ने लोकनृत्य और नाट्य मंचन के जरिए नक्सलवाद की चुनौतियों से विकास की ओर बढ़ते बस्तर की कहानी पेश की। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में देशभर के करीब 5,000 कलाकार शामिल हुए।

75 कलाकारों ने लोककला और आधुनिक नाटक से बांधा समां
कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड के ग्राम बींजे और धनोरा के बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप के कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाई। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ मिलकर उन्होंने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा मेल प्रस्तुत किया।

इस प्रस्तुति को तैयार करने में प्रसिद्ध लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष सहयोग रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कलाकारों के बीच बस्तर की इस प्रस्तुति ने खास पहचान बनाई।

नाटक में दिखाई नक्सलवाद से विकास तक की यात्रा
कार्यक्रम का सबसे अहम हिस्सा बस्तर में आए बदलाव पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने 'नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास' की थीम पर मंचन कर क्षेत्र की बदली तस्वीर को जीवंत किया।

नाटक में दिखाया गया कि किस तरह नक्सलवाद की चुनौतियों और बाधाओं के बीच बस्तर अब विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को भी प्रस्तुति का हिस्सा बनाया गया।

कलाकारों ने यह दिखाने की कोशिश की कि विकास के साथ आदिवासी समुदाय के जीवन में शांति, खुशहाली और नई उम्मीदों का रास्ता कैसे खुल रहा है।

मांदरी नृत्य और बस्तर के बांस शिल्प ने भी खींचा ध्यान
बस्तर की पहचान सिर्फ नाट्य मंचन तक सीमित नहीं रही। पारंपरिक मांदर, ढोल और झांझ की थाप पर कलाकारों ने मांदरी लोकनृत्य पेश किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को बस्तर की समृद्ध लोक परंपरा से रूबरू कराया।

वहीं, छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकला को भी लोगों ने सराहा। भारत पर्व के मुख्य थीम पवेलियन में देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की गई थी।

राष्ट्रीय मंच पर उभरी बस्तर की नई पहचान
भारत पर्व 2026 में बस्तर के कलाकारों की भागीदारी ने क्षेत्र की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ उसके बदलते स्वरूप को भी सामने रखा। एक ओर पारंपरिक नृत्य, संगीत और हस्तशिल्प ने दर्शकों को आकर्षित किया, तो दूसरी ओर नाट्य मंचन के जरिए विकास की यात्रा को प्रस्तुत किया गया।

Tailored Central India Expeditions

Experience Bastar With Certified Local Experts

From Chitrakote water cascades to remote Dandami Maria tribal settlements, let Trips N Trippers curate an authentic, responsible, and culturally immersive itinerary for you.

chat Inquire on WhatsApp
chat
DMC Desk Online WhatsApp Concierge