रामसर सूची की ओर खैरागढ़ के तीन जलाशय, 2030 तक अंतरराष्ट्रीय पहचान का लक्ष्य
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छिंदारी, रूसे और पैलीमेटा जलाशय अब अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक प्रदेश के 20 आर्द्रभूमियों (वेटलैंड) को अंतरराष्ट्रीय रामसर सूची में शामिल कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें छिंदारी और पैलीमेटा जलाशय भी शामिल हैं।
इन जलाशयों में स्थानीय और प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी, जलीय वनस्पतियां और समृद्ध जैव विविधता इन्हें खास बनाती हैं। वन विभाग के अनुसार, दोनों जलाशयों में रामसर स्थल बनने की अच्छी संभावनाएं हैं। खैरागढ़ के DFO संजय यादव ने बताया कि वेटलैंड के सत्यापन और सीमांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। साथ ही, छिंदारी जलाशय को ईको-टूरिज्म के रूप में विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। भविष्य में पैलीमेटा को भी इसी तरह विकसित करने की योजना है।
पक्षी विशेषज्ञ एवं प्रमाणित फील्ड ऑर्निथोलॉजिस्ट प्रतीक ठाकुर के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले इन जलाशयों का सर्वे कर वेटलैंड हेल्थ कार्ड और पक्षियों की मौजूदगी का अध्ययन किया गया था। सर्वे में जिले में लगभग 296 पक्षी प्रजातियों का दस्तावेजीकरण किया गया है। इनमें स्थानीय और प्रवासी दोनों तरह के पक्षी शामिल हैं। यहां जलीय पौधों, कीट-पतंगों और तितलियों की भी कई प्रजातियां पाई जाती हैं।
रामसर स्थल घोषित होने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित नौ मानदंडों में से कम से कम एक को पूरा करना जरूरी है। हालांकि, इन जलाशयों के संरक्षण के सामने अतिक्रमण की चुनौती भी है। जलस्तर घटने पर बाहर आने वाली जमीन पर खेती किए जाने की समस्या सामने आती है।
प्रदेश में 11,264 आर्द्रभूमियों की पहचान की गई है। ऐसे में जलाशयों का सीमांकन, नियमित निगरानी और अतिक्रमण पर रोक लगाना जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय पहचान के साथ इनके प्राकृतिक स्वरूप और जैव विविधता को सुरक्षित रखना भी बड़ी जिम्मेदारी होगी।
Experience Bastar With Certified Local Experts
From Chitrakote water cascades to remote Dandami Maria tribal settlements, let Trips N Trippers curate an authentic, responsible, and culturally immersive itinerary for you.