चित्रकोट से मैनपाट तक... दिल्ली के भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ पर्यटन का खास ऑफर
छत्तीसगढ़ घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड अपने रिसॉर्ट में बुकिंग कराने पर 30 प्रतिशत की विशेष छूट दे रहा है। यह ऑफर 14 से 27 नवंबर 2026 तक मेले की अवधि में उपलब्ध है। इसके साथ ही बोर्ड प्रदेश के जलप्रपातों, वन्यजीव अभयारण्यों, ऐतिहासिक स्थलों, जनजातीय संस्कृति और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं को देश-विदेश के आगंतुकों के सामने रख रहा है।

रिसॉर्ट बुकिंग पर 30 फीसदी छूट, 27 नवंबर तक मिलेगा मौका
भारत मंडपम के हॉल एच-4 के प्रथम तल पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड का स्टॉल लगाया गया है। यहां पहुंचकर पर्यटक प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन मंडल के रिसॉर्ट, आवासीय सुविधाओं और अलग-अलग पर्यटन गतिविधियों की जानकारी ले सकते हैं। बोर्ड की ओर से मेले के दौरान स्टॉल पर पहुंचकर पर्यटन मंडल के रिसॉर्ट में बुकिंग कराने वाले पर्यटकों और आगंतुकों को 30 प्रतिशत छूट देने का प्रावधान किया गया है। यह विशेष ऑफर 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। इसका उद्देश्य पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की यात्रा के लिए प्रोत्साहित करना और पर्यटन मंडल की आवासीय सुविधाओं के प्रति रुचि बढ़ाना है।
गांवों में होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन पर जोर
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड इस बार ग्रामीण पर्यटन को भी खास तरीके से पेश कर रहा है। मेले में आगंतुकों को प्रदेश के ग्रामीण और जनजातीय इलाकों की प्राकृतिक सुंदरता, पारंपरिक जीवनशैली, स्थानीय खानपान, लोककला और हस्तशिल्प से परिचित कराया जा रहा है। ग्रामीण पर्यटन एवं होमस्टे नीति के जरिए स्थानीय समुदायों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने पर जोर है। इससे ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, स्थानीय कारीगरों और जनजातीय समुदायों के लिए स्वरोजगार और आय के नए अवसर विकसित करने की संभावना है। पर्यटक भी गांवों में ठहरकर स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझ सकेंगे।

चित्रकोट, तीरथगढ़ और मैनपाट की दिखाई जा रही झलक
मेले में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को लेकर भी लोगों में रुचि देखी जा रही है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर की ऐतिहासिक धरोहरें, मैनपाट का प्राकृतिक सौंदर्य और बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य जैसे स्थलों की जानकारी दी जा रही है। बस्तर की विशिष्ट जनजातीय संस्कृति भी पर्यटकों के आकर्षण का हिस्सा है। यहां पहुंच रहे पर्यटक और टूर ऑपरेटर प्रदेश के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के साधनों, ठहरने की सुविधाओं और भ्रमण की संभावनाओं के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
20 नवंबर को भारत मंडपम में मनेगा छत्तीसगढ़ राज्य दिवस
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 20 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोककला, जनजातीय परंपराओं और पर्यटन की विविध संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। राज्य दिवस के आयोजन से मेले में आने वाले देश-विदेश के आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और प्राकृतिक विविधता से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन को पहचान दिलाने की कोशिश
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की सहभागिता का उद्देश्य प्रदेश को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना है। इसके जरिए बड़े पर्यटन स्थलों के साथ ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों को भी पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रदेश की प्राकृतिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक स्तर पर सामने रखने की पहल की जा रही है। पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के जरिए ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में रोजगार तथा आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
Experience Bastar With Certified Local Experts
From Chitrakote water cascades to remote Dandami Maria tribal settlements, let Trips N Trippers curate an authentic, responsible, and culturally immersive itinerary for you.