सिरपुर महोत्सव 2027: सुरंग टीला में दिखेगी इतिहास की झलक, 34 गांवों के कलाकार भी बिखेरेंगे रंग
छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में 20 से 22 फरवरी 2027 तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव आयोजित होगा। महासमुंद जिले में होने वाले इस आयोजन में इतिहास, अध्यात्म, कला, संस्कृति और पर्यटन को एक मंच पर लाने की तैयारी है। इस बार महोत्सव का खास आकर्षण ऐतिहासिक सुरंग टीला में शुरू होने वाला प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम होगा, जिसके जरिए सिरपुर के गौरवशाली अतीत और चीनी यात्री ह्वेनसांग की यात्रा से जुड़े प्रसंगों को दर्शाया जाएगा।

‘संगीति’ की अवधारणा पर आधारित इस महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग समेत विभिन्न विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में अंतरविभागीय बैठक हुई। इसमें सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सीईओ धम्मशील गणवीर ने आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। सचिव ने प्रस्तावों पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
सुरंग टीला में लाइट एंड साउंड शो से सामने आएगा सिरपुर का इतिहास
इस बार सिरपुर महोत्सव में ऐतिहासिक सुरंग टीला एक नए आकर्षण के रूप में सामने आएगा। यहां प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी। इसमें सिरपुर की पुरातात्त्विक विरासत, गौरवशाली इतिहास और प्रसिद्ध चीनी यात्री ह्वेनसांग की यात्रा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम का संचालन केवल महोत्सव के तीन दिनों तक सीमित नहीं रहेगा। आयोजन के बाद भी इसे जारी रखने की योजना है। इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण और राज्य पुरातत्त्व संचालनालय को आपसी समन्वय से तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
34 गांवों के लोक कलाकारों को मिलेगा मंच
सिरपुर महोत्सव में स्थानीय लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं को प्रमुखता दी जाएगी। इसके लिए 34 गांवों के पारंपरिक नृत्य दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए अलग मंच और जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी। शास्त्रीय और लोक कलाओं के कलाकारों का चयन भी समिति के माध्यम से होगा। इसमें सांस्कृतिक महत्व, प्रस्तुति की गुणवत्ता, विविधता और महोत्सव की थीम को ध्यान में रखा जाएगा। कार्यक्रमों का समय भी तय किया गया है। हर दिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय और क्षेत्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके बाद शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के कलाकार मंच संभालेंगे। प्रत्येक दिन की थीम के मुताबिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
योग, ध्यान से लेकर हॉट एयर बैलून तक की तैयारी
महोत्सव में इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी विस्तार देने की योजना है। प्रदर्शनी, योग, ध्यान और पतंग उत्सव जैसे आयोजन प्रस्तावित हैं। इसके लिए उपयुक्त स्थलों का चयन और निरीक्षण किया जाएगा। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए तंबू नगरी, गर्म हवा के गुब्बारे की सवारी, नौका विहार और साहसिक खेलों जैसी गतिविधियों पर भी कार्ययोजना बनाई जाएगी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल को पर्यटन सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय करने और जरूरी अनुमतियों के साथ सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रोशनी से सजेंगे ऐतिहासिक स्मारक, होगी प्रोफेशनल शूटिंग
सिरपुर के ऐतिहासिक स्मारकों को महोत्सव के दौरान आकर्षक रोशनी से सजाने की योजना है। भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण से आवश्यक अनुमति लेकर संरक्षित स्मारकों पर प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा महोत्सव के दौरान स्मारकों की भव्यता और सांस्कृतिक गतिविधियों का व्यावसायिक छायांकन एवं दृश्यांकन कराया जाएगा। इन तस्वीरों और वीडियो को सिरपुर के पर्यटन प्रचार-प्रसार में इस्तेमाल करने के साथ यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में नामांकन से जुड़े दस्तावेजों के संभावित उपयोग के लिए भी सुरक्षित रखा जाएगा।
दिसंबर के अंत तक तैयार होगी सिरपुर पर डॉक्यूमेंट्री
सिरपुर महोत्सव को देशभर में पहचान दिलाने के लिए विशेष वृत्तचित्र फिल्म भी तैयार की जाएगी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल को दिसंबर 2026 के अंत तक इसका निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। फिल्म का प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। इसके जरिए सिरपुर के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और महोत्सव के आकर्षणों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
पर्यटकों के ठहरने और सुरक्षा के लिए बनेगी अलग योजना
तीन दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में पर्यटकों, अतिथियों और प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आवास, आवागमन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोजन स्थल के आसपास के होटल और पर्यटन विश्रामगृहों का निरीक्षण कर उनकी क्षमता और उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों का चयन करते समय वहां तक पहुंचने की सुविधा, पर्याप्त जगह, दर्शकों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों को प्राथमिकता दी जाएगी।
पिछले आयोजन के अनुभवों से बेहतर होंगी व्यवस्थाएं
अंतरविभागीय बैठक में पिछले साल के आयोजन से मिले अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। नई गतिविधियों को शामिल करने से पहले उनकी व्यवहार्यता, वित्तीय जरूरतों और सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा। महोत्सव के लिए वित्तीय सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से विज्ञापन और प्रायोजन की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। हालांकि, इस दौरान सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत के मूल स्वरूप को बनाए रखने पर जोर रहेगा। जिला प्रशासन को आयोजन के लिए जरूरी बजट का प्रस्ताव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ तय समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और नियमित समीक्षा बैठकों के जरिए प्रगति पर नजर रखने को कहा। बैठक में संस्कृति एवं राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के सीईओ धम्मशील गणवीर, महासमुंद जिला पंचायत की सीईओ अनुपमा आनंद, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के उप सचिव अभिषेक गुप्ता, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की उप महाप्रबंधक पूनम शर्मा सहित पर्यटन, संस्कृति और पुरातत्त्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Experience Bastar With Certified Local Experts
From Chitrakote water cascades to remote Dandami Maria tribal settlements, let Trips N Trippers curate an authentic, responsible, and culturally immersive itinerary for you.