Travel News schedule 1 min read

बस्तर में छिपा है प्रकृति का खजाना, साफ नदी से लेकर दुर्लभ जीवों तक… पर्यटन की नई उम्मीद बना कुदुर

T
Trips N Trippers Editorial
Published on • Raipur, India
बस्तर में छिपा है प्रकृति का खजाना, साफ नदी से लेकर दुर्लभ जीवों तक… पर्यटन की नई उम्मीद बना कुदुर

कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र में स्थित कुदुर अपनी साफ जलधारा, पहाड़ियों और समृद्ध जैव विविधता के चलते प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का नया ठिकाना बन रहा है। जिला मुख्यालय से करीब एक घंटे और मर्दापाल से लगभग आधे घंटे की दूरी पर पुष्पाल घाटी के पास बसे इस इलाके में पारदर्शी नदी, दूर तक फैली पहाड़ियां और चारों ओर हरियाली देखने को मिलती है। शहरों की भीड़ और शोर से दूर कुदुर का शांत वातावरण लोगों को प्रकृति के करीब कुछ सुकून भरे पल बिताने का मौका देता है।

 

नदी का पानी इतना साफ कि तलहटी तक दिखती है
कुदुर की सबसे खास पहचान यहां बहने वाली स्वच्छ जलधारा है। नदी का पानी इतना पारदर्शी है कि उसकी तलहटी तक साफ नजर आती है। आसपास फैली पहाड़ियों और हरियाली के बीच बहती यह जलधारा पूरे इलाके को अलग ही खूबसूरती देती है। यहां का शांत माहौल उन लोगों को आकर्षित कर सकता है, जो शहर की भागदौड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं। कुदुर की वादियां और साफ पानी इसे प्राकृतिक भ्रमण के लिहाज से खास बनाते हैं।

भारतीय गिरगिट से लेकर रंग-बिरंगी तितलियों तक का संसार
कुदुर की खूबसूरती सिर्फ नदी और पहाड़ियों तक सीमित नहीं है। यह इलाका जैव विविधता के लिहाज से भी समृद्ध है। यहां भारतीय गिरगिट (इंडियन कैमेलियन) के साथ अलग-अलग प्रजातियों के पक्षी, रंग-बिरंगी तितलियां और कई तरह के वन्य जीव-जंतु देखने को मिलते हैं। क्षेत्र की विविध वनस्पतियां और प्राकृतिक वातावरण इसे पक्षी अवलोकन, प्रकृति भ्रमण और पर्यावरण अध्ययन के लिए भी उपयोगी बनाते हैं। यहां इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की संभावनाएं भी मौजूद हैं।

पर्यटन विकसित हुआ तो गांवों तक पहुंचेंगे रोजगार के अवसर
कुदुर को व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए तो इसका फायदा आसपास के ग्रामीणों और युवाओं को मिल सकता है। पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार होने पर स्थानीय युवा गाइड, परिवहन और होम-स्टे जैसी गतिविधियों से जुड़ सकते हैं। इससे स्थानीय व्यंजनों, जनजातीय कला-संस्कृति और हस्तशिल्प को भी पर्यटकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार मिल सकता है। यानी पर्यटन का लाभ केवल घूमने आने वाले लोगों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी इससे सहारा मिल सकता है।

स्थानीय संस्कृति के साथ प्रकृति को भी मिलेगी पहचान
कुदुर जैसे प्राकृतिक स्थलों को विकसित करने में स्थानीय समुदायों की भागीदारी अहम हो सकती है। इससे एक ओर क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत को पहचान मिलेगी, वहीं दूसरी ओर बस्तर की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और हस्तशिल्प को भी व्यापक मंच मिल सकता है। कुदुर की प्राकृतिक खूबसूरती और जैव विविधता इसे बस्तर के संभावित पर्यटन स्थलों में शामिल करती है।

Tailored Central India Expeditions

Experience Bastar With Certified Local Experts

From Chitrakote water cascades to remote Dandami Maria tribal settlements, let Trips N Trippers curate an authentic, responsible, and culturally immersive itinerary for you.

chat Inquire on WhatsApp
chat
DMC Desk Online WhatsApp Concierge