Skip to main content

Trips N Trippers

Trips N Trippers / India  / Ramlala Darshan Yojana: सरगुजा से रवाना हुई भारत गौरव ट्रेन, हजारों श्रद्धालुओं का सपना हुआ पूरा
Ramlala Darshan Yojana
7 Aug

Ramlala Darshan Yojana: सरगुजा से रवाना हुई भारत गौरव ट्रेन, हजारों श्रद्धालुओं का सपना हुआ पूरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित रामलला दर्शन योजना के तहत गुरुवार को सरगुजा संभाग के 850 श्रद्धालुओं को लेकर भारत गौरव ट्रेन अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से श्री अयोध्या धाम और श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना हुई। श्रद्धालुओं को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा की कामनाओं के साथ विदा किया।

रेलवे स्टेशन पर गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

सुबह से ही अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालु भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ स्टेशन पहुंचे। पूरा परिसर जय श्रीराम, हर-हर महादेव और जय सियाराम के नारों से गूंज उठा। परिजनों ने यात्रियों को तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर भावभीनी विदाई दी।

जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी

भारत गौरव ट्रेन को महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरविंदर सिंह टिनी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरूपा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, जिला प्रशासन और आईआरसीटीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

अयोध्या और काशी में होंगे दर्शन

रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालु श्री अयोध्या धाम में भगवान श्रीरामलला और श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन एवं पूजन करेंगे। यात्रा का संचालन पर्यटन विभाग और आईआरसीटीसी के समन्वय से किया जा रहा है।

यात्रा के दौरान मिलेंगी ये सुविधाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी यात्रा के दौरान आरामदायक रेल यात्रा, स्वच्छ आवास, शुद्ध शाकाहारी भोजन, पेयजल, स्थानीय परिवहन, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था और अनुभवी एस्कॉर्ट टीम की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री की सोच, आस्था के मार्ग में आर्थिक बाधा नहीं

राज्य सरकार का कहना है कि किसी भी श्रद्धालु की आर्थिक स्थिति उसकी आस्था के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क अयोध्या और काशी की यात्रा कराई जा रही है। सरकार का मानना है कि यह योजना धार्मिक पर्यटन के साथ प्रदेशवासियों को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी जोड़ रही है।

पर्यटन मंत्री ने दिया संदेश

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामलला दर्शन योजना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व की जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम और बाबा विश्वनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और सभी नागरिकों के कल्याण की कामना करने का आग्रह किया।

श्रद्धालुओं ने जताया आभार

यात्रा पर रवाना हुए कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने कहा कि आर्थिक कारणों से वे जीवनभर अयोध्या और काशी नहीं जा सके थे, लेकिन इस योजना ने उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी कर दी। वहीं महिला श्रद्धालुओं ने यात्रा की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।