Trips N Trippers

Trips N Trippers / India  / Chhattisgarh  / बीजापुर पहुंचा CG25 राइडर्स ग्रुप, 300 फीट ऊंचे नम्बी जलप्रपात की खूबसूरती देख बोले- देखो बस्तर, आओ बीजापुर
23 Jul

बीजापुर पहुंचा CG25 राइडर्स ग्रुप, 300 फीट ऊंचे नम्बी जलप्रपात की खूबसूरती देख बोले- देखो बस्तर, आओ बीजापुर

छत्तीसगढ़ में पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में धमतरी का CG25 राइडर्स ग्रुप लगातार अनोखी पहल कर रहा है। मानसून राइड्स और एडवेंचर यात्राओं के जरिए यह बाइकर्स ग्रुप प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर, स्थानीय संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम कर रहा है। इसी कड़ी में ग्रुप के सदस्य हाल ही में बीजापुर पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के प्रसिद्ध नम्बी जलप्रपात समेत कई प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया।

300 फीट ऊंचे नम्बी जलप्रपात ने मोहा मन

बीजापुर का नम्बी जलप्रपात अपनी भव्यता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। करीब 300 फीट की ऊंचाई से गिरती जलधारा, घने जंगल, पहाड़ी रास्ते और शांत वातावरण ने राइडर्स को रोमांचित कर दिया। दुर्गम रास्तों से होकर जलप्रपात तक पहुंचने का अनुभव उनके लिए यादगार रहा।

राइडर्स ने कहा कि बीजापुर प्रकृति प्रेमियों, ट्रैकिंग और एडवेंचर पसंद करने वाले पर्यटकों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करती है।

कलेक्टर विश्वदीप से की सौजन्य मुलाकात

यात्रा के दौरान CG25 राइडर्स ग्रुप के सदस्यों ने जिला कलेक्टर विश्वदीप से सौजन्य भेंट भी की। इस अवसर पर उन्होंने अपने ग्रुप का आधिकारिक बैज कलेक्टर को भेंट किया।

कलेक्टर विश्वदीप ने राइडर्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे एडवेंचर टूरिज्म अभियान बीजापुर की प्राकृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने राइडर्स से जिले के अन्य पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करने और अपने अनुभव सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक बीजापुर की ओर आकर्षित हों।

‘देखो बस्तर, आओ बीजापुर’ का दिया संदेश

CG25 राइडर्स ग्रुप के सदस्य गीतेश ताम्रकर ने कहा कि बीजापुर की प्राकृतिक सुंदरता, यहां का शांत वातावरण और लोगों का आत्मीय व्यवहार हमेशा याद रहेगा। उन्होंने प्रकृति प्रेमियों और बाइक राइडर्स से अपील करते हुए कहा, “देखो बस्तर, आओ बीजापुर।”

उन्होंने बताया कि CG25 राइडर्स का उद्देश्य सिर्फ बाइक राइड करना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन को बढ़ावा देना, सड़क सुरक्षा का संदेश देना और प्रदेश की अनदेखी प्राकृतिक धरोहर को नई पहचान दिलाना भी है।