Skip to main content

Trips N Trippers

Trips N Trippers / India  / Chhattisgarh  / छत्तीसगढ़ के पर्यटन को लेकर बड़ा प्लान! GTA ने मंत्री राजेश अग्रवाल से की मुलाकात, 22 अगस्त को होगा खास कॉन्क्लेव
9 Aug

छत्तीसगढ़ के पर्यटन को लेकर बड़ा प्लान! GTA ने मंत्री राजेश अग्रवाल से की मुलाकात, 22 अगस्त को होगा खास कॉन्क्लेव

ग्लोबल ट्रैवल एसोसिएशन (GTA) के अध्यक्ष मनीष जैन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार देने, राज्य को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने और पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। एयर कनेक्टिविटी, सड़क संपर्क, पर्यटन अवसंरचना के विकास, प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच, पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। GTA प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न सुझाव भी मंत्री राजेश अग्रवाल के सामने रखे।

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध राज्य है। राज्य में पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विस्तार, बेहतर संपर्क व्यवस्था और पर्यटकों को गुणवत्तापूर्ण अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पर्यटन के समग्र विकास को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।

GTA कॉन्क्लेव में शामिल होंगे पर्यटन मंत्री

मुलाकात के दौरान GTA के महासचिव शुभम अग्रवाल और कोषाध्यक्ष राहुल वासवानी ने पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल को 22 अगस्त को आयोजित होने वाले GTA कॉन्क्लेव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मंत्री अग्रवाल ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि राज्य शासन के सहयोग और पर्यटन विभाग के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास के लिए निजी क्षेत्र और पर्यटन उद्योग के बीच समन्वय और मजबूत होगा। इससे राज्य के पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के प्रयासों को भी गति मिलने की उम्मीद है। बैठक में GTA के सदस्य आकाश दुधानी, आकाश अग्रवाल, अंशुल खरे, सनी बंसल, प्रणय और आयुष बजाज भी उपस्थित रहे।