Skip to main content

Trips N Trippers

Trips N Trippers / India  / Chhattisgarh  / बिलासपुर से अब दिल्ली नहीं दूर सीधी हवाई सेवा की हुई शुरूआत
Bilaspur
14 Mar

बिलासपुर से अब दिल्ली नहीं दूर सीधी हवाई सेवा की हुई शुरूआत

सीएम बोले-अब हवाई चप्पल पहने वाला भी करेगा सफर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय रायपुर से हरी झंडी दिखाकर बिलासा देवी केंवट विमानतल, बिलासपुर से बिलासपुर-दिल्ली और बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित अनेक जनप्रतिनिधि बिलासा देवी केंवट विमानतल पर तथा मुख्यमंत्री निवास पर लोकसभा सांसद सुनील सोनी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि हमारे प्रधानमंत्री का संकल्प है कि हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई यात्रा कर सकें। इस उद्देश्य से पूरे देश में हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज न्यायधानी बिलासपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी मांग पूरी हो रही है।

बिलासपुर से कोलकाता और बिलासपुर से नई दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। मेरी ओर से इसके लिए बिलासपुर वासियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए खुशी की बात है। इस हवाई सेवा का लाभ बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नई हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से बधाई देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।

हवाई सेवा

जगदलपुर से जबलपुर के लिए भी हवाई सेवा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जगदलपुर के लिए भी बड़ी खुश खबरी है, आज जगदलपुर से जबलपुर के लिए भी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। इस हवाई सेवा का लाभ बस्तर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। यहां व्यापार और पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग आदि क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर हवाई अड्डे को अपग्रेड करने का काम चल रहा है। जल्द ही यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

बिलासपुर में शुरू होगी नाईट लैंडिंग की सुविधा

बिलासा देवी केंवट विमानतल चकरभाटा बिलासपुर को 3सीव्हीएफआर लायसेंस प्राप्त हुआ है। यहां 72 सीटर प्लेन का संचालन होगा। विमानन विभाग द्वारा इस हवाई अड्डे पर नाईट लैंडिंग की सुविधा के लिए 3सीआईएफआर के लिए आवेदन किया गया है। यह सुविधा भी बिलासपुर विमानतल पर जल्द प्रारंभ होगी। एलायंस एयर द्वारा छत्तीसगढ़ में तीन हवाई सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इनमें से बिलासपुर से दो हवाई सेवाएं-दिल्ली-बिलासपुर-दिल्ली और कोलकाता-बिलासपुर-कोलकाता तथा जबलपुर-जगदलपुर-जबलपुर। आज कोलकाता से पहली सीधी उड़ान 8.55 बजे बिलासपुर आकर 9.40 बजे कोलकाता के लिए रवाना हुई। इसी तरह दिल्ली से दूसरी उड़ान 9.30 बजे बिलासपुर आकर 10.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।

अब फ्लाईट के लिए रायपुर नहीं जाना पड़ेगा

लोरमी से दिल्ली यात्रा में जा रही दिव्या वैष्णव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि विमान सेवा शुरू होने से बिलासपुर संभाग की जनता को बहुत फायदा हुआ है। हमें अब दिल्ली कोलकाता व अन्य जगह जाने के लिए रायपुर जाना नहीं पड़ेगा। इससे हमारे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने नियमित रूप से दिल्ली और कोलकाता विमान सेवा शुरू होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव को धन्यवाद दिया।