अंबिकापुर-दिल्ली फ्लाइट शुरू
सरगुजा संभाग के लोगों का बरसों पुराना सपना आज हकीकत में बदल गया है। सोमवार से दरिमा स्थित माँ महामाया विमानतल से दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पास चंदखुरी से वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर इस ऐतिहासिक सफर का आगाज किया।
हवाई चप्पल वाले भी करेंगे सफर: सीएम साय
शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना थी कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके और छत्तीसगढ़ में यह सपना अब साकार हो रहा है। सीएम ने बताया कि केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत सरगुजा अब सीधे नेशनल कनेक्टिविटी से जुड़ गया है। इससे न केवल आम जनता को सुविधा होगी, बल्कि ‘सीजी वायु’ योजना के तहत प्रदेश के छोटे शहरों को भी जल्द जोड़ा जाएगा।

अंबिकापुर-दिल्ली फ्लाइट
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के एमडी श्री विवेक आचार्य (IFS) ने मीडिया से चर्चा में बताया कि यह उड़ान सेवा सरगुजा के पर्यटन के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होगी। अब सप्ताह में दो दिवस दिल्ली के लिए उड़ान सोमवार एव बुधवार को जिसमे बिलासपुर के यात्रियों को भी दिल्ली उड़ान की सुविधा प्राप्त होगी। दो दिवस कोलकाता के लिए यह उड़ान गुरुवार एवं शनिवार को संचालित /उपलब्ध रहेगी। सरगुजा के माँ महामाया एयरपोर्ट से विमान सेवा प्रारम्भ होने से सरगुजा संभाग के पर्यटन को बहुत बढ़ावा मिलेगा साथ ही बंगाल एवं दिल्ली से आने वाले पर्यटकों के लिए मैनपाट जशपुर एवं सरगुजा संभाग के अन्य पर्यटन स्थलों तक पर्यटक आसानी से पहुँच सकेंगे। वही इस विमान सेवा प्रारम्भ होने से पर्यटन के क्षेत्र में स्थानीय टूर ऑपरेटर ट्रैवल व्यवसाय में भी बढ़ोतरी होगी ।

अंबिकापुर-दिल्ली फ्लाइट – फ्लाइट का पूरा शेड्यूल
एलायंस एयर द्वारा संचालित ये उड़ानें सप्ताह में 4 दिन उपलब्ध रहेंगी। खास बात यह है कि इसमें बिलासपुर के यात्रियों को भी दिल्ली जाने की सुविधा मिलेगी।
दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार):
- सोमवार: दिल्ली से बिलासपुर होते हुए सुबह 11:35 पर अंबिकापुर आगमन। वापसी में 12:00 बजे अंबिकापुर से सीधे दिल्ली के लिए उड़ान।
- बुधवार: दिल्ली से सुबह 10:25 पर अंबिकापुर आगमन। दोपहर 12:00 बजे बिलासपुर होकर दिल्ली प्रस्थान।
कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार):
- शनिवार: कोलकाता-बिलासपुर होते हुए सुबह 10:00 बजे आगमन और 10:25 पर सीधे कोलकाता वापसी।
- गुरुवार: सुबह 08:50 पर आगमन और 09:15 बजे बिलासपुर होते हुए कोलकाता के लिए उड़ान।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ दरिमा एयरपोर्ट
बता दें कि लगभग 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के रनवे को 1500 से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है, ताकि 72-सीटर बड़े विमान आसानी से उतर सकें। टर्मिनल बिल्डिंग को भी अपग्रेड किया गया है, जहां एक साथ 72 यात्रियों के बैठने और 100 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था है।
इस सेवा से सरगुजा संभाग के व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। दिल्ली और कोलकाता जैसे महानगरों से सीधा जुड़ाव होने के कारण अब क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और स्थानीय उत्पादों (जैसे सरगुजा का चावल और वनोपज) को राष्ट्रीय बाजार मिल सकेगा।